गुरु अमर दास जी के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देते हैं: नायब सैनी
लुधियाना: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लुधियाना में आयोजित गुरु अमर दास जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 9वें विशाल कीर्तन समागम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन के लिए 5 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु अमर दास जी का जीवन सेवा, समर्पण और समानता का संदेश देता है। उन्होंने ‘पहले पंगत, पीछे संगत’ की परंपरा को सामाजिक समरसता की मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि गुरु जी ने जात-पात और भेदभाव जैसी कुरीतियों का विरोध कर समाज को एकजुट करने का कार्य किया, जो आज भी प्रासंगिक है।
सीएम सैनी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वदेश दर्शन योजना के तहत पंजाब के कई धार्मिक स्थलों को विरासत सर्किट में शामिल किया गया है।