पंजाब/यूटर्न/5 जून। पटियाला में शुक्रवार को 2600 अप्रेंटिस लाइनमैन यूनियन के प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। अपनी मांगों को लेकर पावरकॉम मुख्यालय के बाहर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। यूनियन ने पुलिस पर जबरन कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं। यूनियन का कहना है कि वे लंबे समय से नौकरी संबंधी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सरकार और अधिकारियों के आश्वासनों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, जिसके चलते उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। 2600 अप्रेंटिस लाइनमैन यूनियन के सदस्य अपनी मांगों को लेकर पटियाला स्थित पावरकॉम मुख्यालय के सामने धरना दे रहे थे। शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। यूनियन नेता आकाश कंबोज ने बताया कि सभी सदस्य तकनीकी परीक्षा पास कर चुके हैं। उनके अनुसार सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया था कि पंजाबी भाषा की एक क्वालिफाइंग परीक्षा के बाद उन्हें नौकरी के लिए पात्र माना जाएगा।
---