दक्षिण गुजरात को मिलेगी कई विकास योजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सूरत से केंद्र और राज्य सरकार की कुल 18,777 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
इनमें गुजरात औद्योगिक विकास निगम (GIDC) के तहत 1,063.43 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आठ प्रमुख परियोजनाएं भी शामिल हैं। ये परियोजनाएं भरूच और वलसाड जिलों में औद्योगिक ढांचे, प्रदूषित जल प्रबंधन और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करेंगी।
भरूच में 894 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं
भरूच जिले में छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। दहेज पीसीपीआईआर औद्योगिक क्लस्टर में 90 एमएलडी क्षमता की ऑनशोर और ऑफशोर एफ्लुएंट डिस्पोजल पाइपलाइन विकसित की गई है, जिस पर 474.61 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह परियोजना रसायन और पेट्रोकेमिकल उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के बेहतर प्रबंधन में मदद करेगी।
इसके अलावा जंबूसर स्थित बल्क ड्रग पार्क में 274.96 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, ड्रेनेज और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। दहेज-2 औद्योगिक क्षेत्र में 30 एमएलडी क्षमता का ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन भी शामिल है, जिससे औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा।
अन्य परियोजनाओं में पानोली एक्सटेंशन में सड़क एवं बुनियादी ढांचे का विकास, अंकलेश्वर में बूस्टर पंपिंग स्टेशन तथा दहेज-1 क्षेत्र में प्राकृतिक ड्रेन के उन्नयन जैसे कार्य शामिल हैं।
वलसाड में 169 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
वलसाड जिले के सरीगाम औद्योगिक क्षेत्र में दो प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। इनमें कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 15 एमएलडी से बढ़ाकर 25 एमएलडी की गई है। इसके अलावा औद्योगिक अपशिष्ट जल के सुरक्षित निस्तारण के लिए HDPE पाइपलाइन नेटवर्क और पंपिंग स्टेशन विकसित किया गया है, जो गहरे समुद्र तक अपशिष्ट जल के प्रबंधन को सुनिश्चित करेगा।
इन परियोजनाओं से दक्षिण गुजरात के औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।