लुधियाना/यूटर्न/12 अगस्त। हुसैनपुर स्थित श्री आत्म वल्लभ जैन पब्लिक स्कूल से एलकेजी क्लास में पढ़ता पांच साल का बच्चा अचानक लापता हो गया। बच्चे के दादा-दादी ने आरोप लगाया कि उसकी मां द्वारा स्कूल प्रबंधकों के साथ मिलकर बच्चे को अगवा किया गया है। जिसके बाद उन्होंने इस संबंध में थाना सलेम टाबरी की पुलिस को सूचना दी। उन्होंने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। जिसके चलते परेशान होकर पीड़ित परिवार द्वारा स्कूल के आगे धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं मामले की गंभीरता और हंगामे को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने अंदर से गेट बंद कर लिया और बुधवार को स्कूल में पूर्ण रूप से छुट्टी घोषित कर दी है।
उनके पास रह रहा था पोता
धरने पर बैठे बच्चे के दादा ने बताया कि उनका पोता शुरुआत से उनके पास रह रहा है। उनकी बहू कई साल पहले ही घर छोड़कर चली गई थी। बच्चे के पिता का 4 महीने पहले देहांत हो गया था। बच्चे के पालन की पूरी जिम्मेदारी दादा-दादी ही उठा रहे थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्कूल प्रशासन को बाकायदा एक एफिडेविट और लिखित निर्देश दिया था कि बच्चे को उनके अलावा किसी अन्य व्यक्ति को न सौंपा जाए।
स्कूल प्रबंधकों पर मिलीभगत के आरोप
परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधकों द्वारा मिलीभगत के बाद बच्चे को अगवा करवाया गया है। बच्चे की छुट्टी सुबह साढ़े 10 बजे होती है। लेकिन उससे पहले ही उसकी मां आई और आराम से बच्चे को लेकर चली गई। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें उनका बच्चा वापस नहीं मिल जाता, उनका यह धरना जारी रहेगा। एसएचओ सलेम टाबरी ने कहा कि मामला हमारे ध्यान में है। परिवार की और से कोई लीगल डॉक्यूमेंट नहीं दिखाया है। बच्चे को मां ही लेकर गई है। उससे भी पूछताछ की जा रही है। कोर्ट में केस चल रहा है।
---