पंजाब/यूटर्न/12 अगस्त। जालंधर के अवतार नगर में बेटे ने अपने ही पिता और पत्नी का कत्ल कर दिया। पुलिस जांच अनुसार हमलावर ने वारदात के लिए बैट, लोहे का जग और चाकू का इस्तेमाल किया। सूत्रों के अनुसार बेटे को शक था कि उसकी पत्नी और पिता के बीच अवैध संबंध है। जिसके चलते उसने वारदात की। मृतकों की पहचान अयोध्या प्रकाश (65) और सरिता (38) के रुप में हुई है। जबकि आरोपी की पहचान हीरा लाल (42) के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाशें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी हैं। आरोपी अभी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार आरोपी हीरा लाल शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। उनकी उम्र 10 से 15 साल के बीच है। वारदात के समय उसके बच्चे स्कूल गए हुए थे। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि हीरा लाल नशा भी करता था। सूत्रों के अनुसार हीरा लाल को शक था कि उसकी पत्नी सरिता और पिता प्रकाश के बीच अवैध संबंध है। जिसके चलते पहले भी कई बार झगड़ा हुआ था। इसी शक के कारण वे ज्यादा समय घर पर रहता था। बुधवार को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने दोनों की हत्या कर दी।
बच्चों ने देखी लाशें तो हुआ खुलासा
दोपहर 3 बजे बच्चे स्कूल से घर लौटे। उन्होंने घर के अंदर मां-दादा की खून से लथपथ लाशें देखकर शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर में मौजूद क्रिकेट बैट और जग से दोनों पर कई वार किए। सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के समय आरोपी की बुजुर्ग मां ऊपर के कमरे में थीं। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वह नीचे नहीं आईं और सुरक्षित मिलीं।
आरोपी पकड़ने को बनाई टीमें
वारदात के बाद एडीसीपी-2 राकेश यादव, एसीपी आतिश भाटिया और एसएचओ जयइंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। राकेश यादव ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसे पकड़ने ने लिए टीमें बना दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। सीसीटीवी और टेक्निकल तरीके से भी पुलिस आरोपी के पीछे लगी है।
----