लुधियाना/यूटर्न/14 जुलाई। डाबा के गुरु नानक नगर इलाके में शादी से पांच महीने बाद पत्नी व ससुराल वालों द्वारा मानसिक रुप से परेशान करने के चलते एक युवक ने गिल नहर में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक ने छलांग लगाने से पहले रोते हुए एक वीडियो बनाया। मृतक की पहचान गुरु नानक नगर के करनदीप (29) के रुप में हुई है। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने करनदीप के पिता राजा राम की शिकायत पर गुरबचन कॉलोनी की स्वाति, उसके बाप रामपाल, भाई दीपक, वीरेंद्र और वकील साढ़ू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता राजा राम ने बताया कि उनके बेटे करनदीप की शादी 20 फरवरी को स्वाति के साथ हुई थी। करनदीप लैब में टेस्टिंग का काम करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद स्वाति घरेलू काम में सहयोग नहीं करती थी। इस बात को लेकर करनदीप ने उसे कई बार समझाया। कुछ समय बाद स्वाति के पिता रामपाल, उसके भाई दीपक और वीरेंद्र तथा उसके एक साढ़ू, जो पेशे से वकील हैं, ने करनदीप के वैवाहिक जीवन में हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया।
ससुरालियों ने घर बुलाकर किया दुर्व्यवहार
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सभी लोग मिलकर करनदीप को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। कुछ दिन पहले स्वाति अपने मायके चली गई थी। जब करनदीप उसे वापस लेने गया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया, जिससे वह काफी परेशान था। उसने मरने से पहले रोते हुए एक वीडियो बनाई और खुदखुशी कर ली।
---