करनाल की बेटी श्रीतारा पसरीचा ने जीता मिस यूनिवर्स हरियाणा 2026 का खिताब, अब राष्ट्रीय मंच पर करेंगी हरियाणा का प्रतिनिधित्व
पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : नई दिल्ली के छतरपुर स्थित तिवोली गार्डन रिसोर्ट में 19 जून को आयोजित राज्य स्तरीय मिस यूनिवर्स हरियाणा एवं दिल्ली प्रतियोगिता में हरियाणा की प्रतिभाशाली श्रीतारा पसरीचा ने मिस यूनिवर्स हरियाणा 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता से पूर्व स्वास्थ्य संबंधी कारणों से चिकित्सकों ने उन्हें हाई हील्स पहनने और अत्यधिक शारीरिक दबाव से बचने की सलाह दी थी, लेकिन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अदम्य आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
इस जीत के साथ अब वे राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
श्रीतारा करनाल से संबंध रखती हैं। उनके पिता एडवोकेट सुनील पसरीचा हैं तथा उनकी माता डॉ. पूनम पसरीचा, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पूर्व सीबीएसई विद्यालय प्राचार्या हैं। परिवार से मिले संस्कार, शिक्षा, अनुशासन और निरंतर प्रोत्साहन ने उनकी सफलता की मजबूत नींव रखी है। श्रीतारा की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व का माहौल है। परिवार ने इस सफलता का श्रेय ईश्वर की कृपा, अथक परिश्रम और सभी के आशीर्वाद को दिया है I