लुधियाना/यूटर्न/18 जून। मेहरबान के गांव खेड़ी में एक घर में नौकरानी ने अपने साथी के साथ मिलकर मालिक के सोने के गहने चोरी कर लिए। जब मालिक ने अलमारी चैक की तो चोरी का खुलासा हुआ। थाना मेहरबान की पुलिस ने गांव खेड़ी के राजिंद्र सिंह की शिकायत पर गांव खेड़ी की रेनू देवी उर्फ पार्वती और जगरूप सिंह उर्फ जंगा पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी गांव कनीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। राजिंदर सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले अपने घर के कामकाज के लिए रेनू देवी उर्फ पार्वती नाम की महिला को 1500 रुपए प्रति महीना मजदूरी पर रखा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक बीती 13 जून के बाद से रेनू देवी अचानक बिना बताए काम पर आना बंद कर दिया। जब वह कई दिनों तक नहीं आई, तो राजिंदर सिंह की पत्नी को कुछ शक हुआ। उसने जब घर के कमरों और अलमारी की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी के लॉकर में रखे सोने के कीमती आभूषण गायब थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घरेलू सहायिका रेनू देवी ने अपने एक साथी जगरूप सिंह उर्फ जंगा के साथ मिलकर इस पूरी चोरी की साजिश को अंजाम दिया है। दोनों ने मौका पाकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी किए और वहां से फरार हो गए।
----