लुधियाना/यूटर्न/17 जून। यूनाइटेड साइकिल एंड पार्ट्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (यूसीपीएमए) में लंबे समय से चल रहे गतिरोध का सकारात्मक समाधान एवन साइकिल के एमडी ओंकार सिंह पाहवा एवं एसोसिएशन के चेयरमैन जतिंदर मित्तल के प्रयासों से संभव हुआ। सभी ने एकजुट होकर आगे बढ़ने का निर्णय लिया। एवन साइकिल परिसर में आयोजित बैठक के दौरान यूसीपीएमए के अध्यक्ष हरसिमरजीत सिंह लक्की एवं महासचिव वरुण कपूर के बीच आपसी सहमति बनी। दोनों पक्षों ने भविष्य में सभी मतभेदों को पीछे छोड़कर साइकिल उद्योग और एसोसिएशन के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक के दौरान उद्योग के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए यूनाइटेड फ्रंट के सदस्य रोहित रहेजा, जिन्होंने अपनी ओर से अदालती मामला दायर किया था, उसे वापस लेगें। उन्होंने अदालत में प्रस्तुत किए जाने वाला एफिडेविट भी बैठक के दौरान सौंप दिया। उपस्थित सदस्यों ने उनके इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन में विश्वास, संवाद और सहयोग की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। इस अवसर पर ओंकार सिंह पाहवा ने दोनों पक्षों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता होती है। यूनाइटेड फ्रंट के संजय गुप्ता नाइस ने कहा कि संगठन की मजबूती और उद्योग का विकास सभी की साझा जिम्मेदारी है। इस अवसर पर ओंकार सिंह पाहवा, जतिंदर मित्तल, संजय गुप्ता नाइस, हरसिमरजीत सिंह लक्की, राजिंदर नारंग, गुरमीत सिंह, वरुण कपूर, यूनाइटेड फ्रंट के रोहित रहेजा, रमन घई और अमित रहेजा उपस्थित रहे।
---