पंजाब/यूटर्न/17 जून। मानसा में युवक की बीच सड़क पर हत्या कर दी गई। वह तड़के करीब साढ़े 4 बजे सब्जी मंडी के लिए घर से निकला था, लेकिन घर से लगभग 15 मिनट की दूरी पर ही कुछ हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसे स्कूटी से गिराया और फिर तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, और वारदात स्थल पर खून के साथ मांस के टुकड़े भी बिखरे पाए गए, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है और लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
सब्जी मंडी में मुनीम का काम करता था युवक
जानकारी के अनुसार, कस्बा बुढलाडा में गांव दरियापुर खुर्द का रहने वाला राजदीप सिंह (29), जो बुढलाडा की सब्जी मंडी में मुनीम का काम करता था। परिवार के अनुसार, घर से करीब 15 मिनट की दूरी पर ही रास्त में घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उसपर हमला कर लिया। तेजधार हथियार से आरोपियों ने उसकी गर्दन काट दी। इसके अलावा उसके शरीर पर कई जगह चोट पहुंचाई। दरियापुर और कुलाना के बीच रेलवे फाटक के पास लोगों ने सड़क पर खून से लथपथ शव पड़ा मिला, इसके बाद उन्होंने परिवार को सूचना की, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
----