बिजली फेल होने पर बड़ा एक्शन, तीन अफसर सस्पेंड
गुरुग्राम: गुरुग्राम में रेपिड मेट्रो की बिजली आपूर्ति बाधित होने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 22 मई की रात 220 केवी बिजली घर में बड़े फॉल्ट के बाद अचानक बिजली फेल होने से मेट्रो सेवा प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फॉल्ट के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी और कई रिहायशी व व्यावसायिक क्षेत्रों में लंबे समय तक अंधेरा छाया रहा। घटना के बाद सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। गुरुग्राम जैसे हाईटेक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में इस तरह की बड़ी बिजली बाधा ने प्रशासन की तैयारियों पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए।
बिजली आपूर्ति बाधित होने का सबसे बड़ा असर गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो पर पड़ा। फॉल्ट के कारण रैपिड मेट्रो का संचालन प्रभावित हो गया था। यात्रियों को ट्रैक पर पैदल चलकर बाहर निकलना पड़ा। करीब दो घंटे तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही।
हरियाणा की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले गुरुग्राम में हुई इस घटना ने सरकार की किरकिरी कराई है। बिजली संकट और मेट्रो सेवा बाधित होने के कारण यात्रियों, कंपनियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
वहीं, अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए सिस्टम को और मजबूत किया जाए।