लोहे की प्लेटें गिरने से गुरुद्वारा परिसर में बड़ा हादसा
अमृतसर: अमृतसर में गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में रविवार को निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत में लगी लोहे की शटरिंग प्लेट अचानक टूटकर नीचे बैठी महिलाओं पर गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची समेत 9 महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को श्री गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय महिलाएं लंगर हॉल में बैठकर गुरु नाम का जाप कर रही थीं।
इसी दौरान 30-35 फीट ऊपर से करीब 10 फीट लंबी और लगभग 200 किलो वजनी लोहे की प्लेट ऊपर से गिर गई। उस समय गुरुद्वारे में 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद थे। मरने वाली महिलाओं में अभी एक की ही पहचान हुई है। गांव सठियाला की राजरानी की मौत हो गई। वहीं घायलों में रजनी निवासी गांव सठियाला, सीमा निवासी बटाला, दलजीत कौर निवासी सुंदर नगर (लुधियाना), बव्रीत कौर (14) निवासी गुरु अमरदास एवेन्यू (अमृतसर), परमजीत कौर निवासी वार्ड नंबर 3 (फतेहगढ़ चूड़ियां), बलजीत कौर निवासी हिम्मतपुरा (मोगा), मनीषा धवन निवासी मेन बाजार (फिरोजपुर), राज कौर निवासी रजाताल (अमृतसर) और कश्मीर कौर निवासी गुल्लेह पंडोरी, तरनतारन शामिल हैं।
मृतकों को एसजीपीसी देगी 2-2 लाख सहायता
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मृतक महिलाओं के परिवारों को 2-2 लाख देने का ऐलान किया। एसजीपीसी प्रधान ने कहा कि ये प्लेट तेज हवा चलने के कारण गिरी। चश्मदीद जगजीत सिंह का कहना है कि यहां हर रविवार जपजी साहिब चलता था। अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटरिंग की लोहे की प्लेट के नीचे करीब 8 से 9 महिलाएं दबी हुई थीं।